मछलीशहर में गर्मी से पहले जल संकट पर बड़ा एक्शन 10 पंपिंग सेट बढ़ाएंगे पानी का प्रेशर

 

जौनपुर (उत्तर प्रदेश):- मछली शहर में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट से राहत देने के लिए नगर पंचायत ने बड़ा मास्टर प्लान तैयार किया है। नगरवासियों को पानी की किल्लत से बचाने के लिए अब जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा और पानी के दबाव को बढ़ाने हेतु 10 पंपिंग सेट लगाए जाएंगे।

बृहस्पतिवार को चेयरमैन संजय जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। नई व्यवस्था के तहत मुख्य टंकी से जलापूर्ति शुरू होने से पहले ही पाइप लाइनों को पंपिंग सेट के जरिए पानी से भर दिया जाएगा ताकि सप्लाई शुरू होते ही तेज प्रेशर के साथ पानी हर घर तक पहुंच सके।

अधिशासी अधिकारी विजय सिंह और लिपिक मनोज चौरसिया ने बताया कि अब तक पाइपलाइन खाली होने के कारण सप्लाई शुरू होने पर काफी पानी पहले पाइपों में ही भर जाता था और दबाव बनने में समय लग जाता था। कई बार बिजली कटने के कारण ऊंचाई वाले इलाकों और दूरदराज के घरों तक पानी पहुंच ही नहीं पाता था।नई योजना के अनुसार नगर में सभी 10 पंपिंग सेट सुबह 6 बजे से पहले चालू कर दिए जाएंगे जिससे पाइप लाइनें पहले ही पूरी तरह भर जाएंगी। इसके बाद मुख्य टंकी से पानी छोड़ा जाएगा और तेज प्रेशर के साथ आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

नगर पंचायत का कहना है कि इस व्यवस्था से लोग समय रहते अपने वाटर पंप के माध्यम से टंकियों में पर्याप्त पानी स्टोर कर सकेंगे। चेयरमैन ने भरोसा दिलाया है कि नई प्रणाली लागू होने के बाद नगर के सभी वार्डों में पेयजल आपूर्ति बेहतर होगी और गर्मी के मौसम में राहत मिलेगी। यह कदम स्थानीय जल प्रबंधन को मजबूत करने और गर्मियों में नागरिकों की परेशानी कम करने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *