दिल्ली भाजपा में बड़ा बदलाव हर्ष मल्होत्रा बने नए प्रदेश अध्यक्ष

 

 

नई दिल्ली :- भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली संगठन में बड़ा नेतृत्व परिवर्तन करते हुए केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से यह नियुक्ति घोषित की गई। इसके साथ ही दिल्ली भाजपा में नए संगठनात्मक बदलावों की शुरुआत मानी जा रही है।

हर्ष मल्होत्रा पूर्वी दिल्ली से सांसद हैं और केंद्र सरकार में राज्य मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। इससे पहले वे दिल्ली भाजपा संगठन में लंबे समय तक महासचिव और कई अहम पदों पर काम कर चुके हैं। उन्हें संगठन और जमीनी राजनीति दोनों का अनुभव रखने वाला नेता माना जाता है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष पद पर उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब राजधानी में संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी राजनीतिक और निकाय स्तर की चुनौतियों की तैयारी पर जोर दिया जा रहा है। पार्टी ने विरेंद्र सचदेवा की जगह उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।

हर्ष मल्होत्रा का राजनीतिक सफर छात्र राजनीति और स्थानीय निकायों से शुरू हुआ था। वे पूर्वी दिल्ली नगर निगम के महापौर भी रह चुके हैं। पार्टी के भीतर उन्हें संगठनात्मक रणनीति और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ रखने वाले नेता के रूप में देखा जाता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा दिल्ली में नए नेतृत्व के जरिए संगठन को और आक्रामक तथा सक्रिय बनाने की कोशिश कर रही है। खासतौर पर शहरी मतदाताओं युवाओं और मध्यम वर्ग के बीच पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम किया जा सकता है।दिल्ली भाजपा में यह बदलाव केवल राजधानी तक सीमित नहीं है। पार्टी ने पंजाब हरियाणा और त्रिपुरा में भी नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की है। इसे भाजपा के व्यापक संगठनात्मक पुनर्गठन का हिस्सा माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *