Chandigarh School Threat :- चंडीगढ़ में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब शहर के चार स्कूलों को बम धमकी वाले ईमेल मिले। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। एहतियात के तौर पर स्कूल परिसरों को खाली कराया गया और बम निरोधक दस्ते तथा खोजी कुत्तों की मदद से व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।
इन चार स्कूलों को मिली धमकी
अधिकारियों के अनुसार धमकी पाने वाले स्कूलों में सेक्टर-9बी का कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल, सेक्टर-26 का सेंट जॉन्स हाई स्कूल, सेक्टर-26 का सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल और सेक्टर-45बी का सेंट स्टीफंस स्कूल शामिल हैं।
धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। जो विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ स्कूल पहुंचे थे, उन्हें वापस घर भेज दिया गया।
पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने की जांच
सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस की टीमें, बम पहचान एवं निरोधक दल और खोजी कुत्तों की टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूल परिसरों और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की।
अब तक की तलाशी में कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। इसके बावजूद पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए धमकी भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।
धमकी के स्रोत की जांच शुरू
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी भरे ईमेल किस स्रोत से भेजे गए और इसके पीछे कौन लोग हैं। साइबर विशेषज्ञों की मदद से ईमेल के तकनीकी विवरण की जांच की जा रही है।
घटना के बाद प्रभावित स्कूलों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध संदेश या धमकी को लेकर घबराएं नहीं और तुरंत पुलिस को सूचना दें।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं। तलाशी के दौरान किसी विस्फोटक के नहीं मिलने के बावजूद स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।