वेनेजुएला में विनाशकारी भूकंप से 164 लोगों की मौत, 971 घायल; देश में आपातकाल घोषित

 

कराकास। वेनेजुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचाई है। देश की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने बताया कि इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 164 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 971 अन्य लोग घायल हुए हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है क्योंकि कई इलाकों में राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी हैं।

जानकारी के अनुसार, रिक्टर पैमाने पर भूकंपों की तीव्रता क्रमशः 7.2 और 7.5 दर्ज की गई। दोनों झटकों ने देश के कई हिस्सों को बुरी तरह प्रभावित किया है। अनेक इमारतें ढह गई हैं, सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और कई क्षेत्रों में बिजली तथा संचार सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक ये भूकंप पिछले एक सदी से अधिक समय में वेनेजुएला में आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में शामिल हैं। राजधानी कराकास सहित कई प्रमुख शहरों में लोगों के बीच दहशत का माहौल है। हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने पूरे देश में आपातकाल की घोषणा कर दी है। सरकार ने सेना, आपदा प्रबंधन एजेंसियों और चिकित्सा टीमों को राहत एवं बचाव कार्यों में लगा दिया है। प्रभावित इलाकों में अस्थायी राहत शिविर भी स्थापित किए जा रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने भी वेनेजुएला के प्रति संवेदना व्यक्त की है। कई देशों ने राहत सामग्री, चिकित्सा सहायता और बचाव दल भेजने की पेशकश की है।

अधिकारियों का कहना है कि मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी है और आने वाले दिनों में नुकसान का वास्तविक आंकड़ा और स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल सरकार की प्राथमिकता प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाना और जरूरी सेवाओं को बहाल करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *