मथुरा नाव हादसा: 7 श्रद्धालु अब भी लापता, सर्च ऑपरेशन जारी

मथुरा (उत्तर प्रदेश):- मथुरा में यमुना नदी में हुए दर्दनाक नाव हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। हादसे के दो दिन बाद भी सात श्रद्धालु लापता हैं, जिनकी तलाश में गोताखोरों की टीमें दिन-रात जुटी हुई हैं।

 

प्रशासन ने सर्च ऑपरेशन को तेज करते हुए करीब 20 मोटरबोट्स को यमुना में उतारा है। विशेषज्ञ गोताखोर नदी के गहरे हिस्सों में तलाश कर रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द लापता लोगों का पता लगाया जा सके।

 

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार को हुआ था, जब श्रद्धालुओं से भरी एक मोटरबोट पैंटून पुल से टकराकर पलट गई। बताया जा रहा है कि नाव में 37 से अधिक लोग सवार थे, जिनमें से कई को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन सात लोग अब भी लापता हैं।

 

स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ राहत एजेंसियां और पुलिस की टीमें मौके पर तैनात हैं। नदी के तेज बहाव और गहराई के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन टीमों का प्रयास लगातार जारी है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे, जिससे संतुलन बिगड़ने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है।

फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता लापता लोगों को ढूंढना और घायलों का इलाज सुनिश्चित करना है। पूरे इलाके में मातम का माहौल है और लोग अपने परिजनों की सलामती की दुआ कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *