केतन हत्याकांड में बड़ा फैसला, पीड़ित परिवार की ओर से केस लड़ेंगे वरिष्ठ वकील उज्ज्वल निकम

 

पुणे। महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की है कि वरिष्ठ अधिवक्ता और 26/11 मुंबई आतंकी हमले के चर्चित सरकारी वकील उज्ज्वल निकम इस मामले में पीड़ित परिवार की ओर से विशेष लोक अभियोजक (Special Public Prosecutor) के रूप में पैरवी करेंगे। साथ ही मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने का भी निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने पुणे में केतन अग्रवाल के पिता से मुलाकात कर उन्हें शीघ्र और निष्पक्ष न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी और इस मामले में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

पुलिस के अनुसार, केतन अग्रवाल की मंगेतर और उसके कथित प्रेमी पर उन्हें पुणे जिले के लोहागढ़ किले से धक्का देकर हत्या करने का आरोप है। इस मामले में दोनों आरोपी गिरफ्तार हैं और पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

उज्ज्वल निकम देश के सबसे चर्चित आपराधिक मामलों में पैरवी कर चुके हैं। 26/11 मुंबई आतंकी हमले सहित कई हाई-प्रोफाइल मामलों में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है। अब उनके इस मामले से जुड़ने के बाद पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद और मजबूत मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *