तमिलनाडु :- तमिलनाडु में नई सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अर्चना ने तमिलनाडु विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायकों की सूची राज्यपाल राजेन्द्र अरलेकर को सौंप दी है। इस दौरान निर्वाचन आयोग के सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।निर्वाचन आयोग की ओर से यह औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब राज्य में नई सरकार के गठन की दिशा में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। राजभवन में हुई इस मुलाकात को संवैधानिक प्रक्रिया का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार राज्यपाल को सौंपे गए दस्तावेजों में सभी विजयी विधायकों का आधिकारिक विवरण शामिल है। इसके आधार पर आगे सरकार गठन और मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य में राजनीतिक हलचल लगातार बनी हुई है। टीवीके प्रमुख विजय सरकार बनाने का दावा पेश कर चुके हैं लेकिन बहुमत को लेकर अभी भी सियासी चर्चा जारी है। ऐसे में निर्वाचन आयोग की ओर से विधायकों की सूची सौंपे जाने को बेहद महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि अब राज्यपाल जल्द ही अगली संवैधानिक प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। सभी दलों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार गठन को लेकर राजभवन आगे क्या फैसला लेता है।