नई दिल्ली :- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 9 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार यह नेटवर्क पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और मुंबई अंडरवर्ल्ड से जुड़े तत्वों के संपर्क में था तथा राजधानी में बड़ी साजिश को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था।
अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से विदेशी हथियार, विस्फोटक सामग्री, हैंड ग्रेनेड और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन लोगों को दिल्ली में महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, सुरक्षा बलों और संवेदनशील स्थानों को निशाना बनाने का जिम्मा दिया गया था।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने यह कार्रवाई लंबे समय से चल रही खुफिया निगरानी और विशेष ऑपरेशन के बाद की। अधिकारियों का कहना है कि इस मॉड्यूल पर काफी समय से नजर रखी जा रही थी और पर्याप्त सबूत मिलने के बाद एक साथ कई स्थानों पर कार्रवाई कर गिरफ्तारियां की गईं।
जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क के विदेशी संपर्कों, फंडिंग चैनलों और संभावित हैंडलर्स की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद हथियार और विस्फोटक कहां से लाए गए तथा इस नेटवर्क से और कितने लोग जुड़े हो सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार शुरुआती जांच में कुछ आरोपियों के तार पाकिस्तान समर्थित नेटवर्क और मुंबई अंडरवर्ल्ड से जुड़े लोगों तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। इसी वजह से मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा बेहद संवेदनशील मामला माना जा रहा है।
सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह कार्रवाई राजधानी में संभावित बड़े खतरे को टालने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।फिलहाल दिल्ली और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।