Russia attacks on kyiv :- रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक बार फिर बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। गुरुवार तड़के रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर मिसाइलों और ड्रोन से बड़ा हमला किया। इस हमले में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हमले के बाद राजधानी के कई हिस्सों में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव दल देर रात तक मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे रहे।
रिहायशी इमारतों को बनाया गया निशाना
यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, हमले में कई बहुमंजिला रिहायशी इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा। कुछ इमारतों में आग लग गई, जबकि कई जगहों पर इमारतों के हिस्से पूरी तरह ढह गए। कई वाहन और आसपास का बुनियादी ढांचा भी क्षतिग्रस्त हुआ। बचावकर्मियों ने दर्जनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि कई स्थानों पर मलबा हटाने का काम जारी है।
कई घंटों तक गूंजते रहे धमाके
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कीव में कई घंटों तक लगातार धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं। एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय रहा, लेकिन बड़ी संख्या में दागी गई मिसाइलों और ड्रोन के कारण शहर के अलग-अलग हिस्सों में नुकसान हुआ। नागरिकों ने मेट्रो स्टेशनों और भूमिगत बंकरों में शरण ली।