सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बचाई जान, स्कॉर्ट वाहन से पहुंचाया अस्पताल

सोनभद्र। जनपद में प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली का एक प्रेरणादायक उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की तत्काल सहायता कर उसे समय पर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस में भाग लेने के लिए दुद्धी जाते समय गुरमुरा के समीप सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा मिला। यह दृश्य देखते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अपना काफिला तत्काल रुकवा दिया और स्वयं मौके पर पहुंचकर घायल का हालचाल जाना।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दोनों अधिकारियों ने बिना किसी देरी के अपने स्कॉर्ट वाहन से घायल को निकटवर्ती प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। साथ ही संबंधित अधिकारियों और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि घायल को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।

अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई के कारण घायल व्यक्ति को समय रहते चिकित्सा सहायता मिल सकी। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की मानवीय संवेदनशीलता, तत्परता और जिम्मेदार कार्यशैली की खुलकर सराहना की।

इस घटना ने यह संदेश भी दिया कि प्रशासनिक अधिकारियों की समय पर की गई पहल किसी घायल व्यक्ति के लिए जीवनदायिनी साबित हो सकती है। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि दोनों अधिकारियों का यह मानवीय व्यवहार समाज के लिए प्रेरणादायक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *