Kulgam Terror Attack: छत्तीसगढ़ के 21 वर्षीय दीपक रात्रे की आतंकी हमले में मौत, एक साल पहले हुई थी शादी

श्रीनगर/सक्ती। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के 21 वर्षीय दीपक रात्रे की मौत हो गई। दीपक रोज़गार की तलाश में कश्मीर गए थे और वहां एक ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि आतंकियों ने मजदूरों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की, जिसमें दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

दीपक रात्रे की शादी करीब एक वर्ष पहले ही हुई थी। उनके असमय निधन की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।

घटना के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार हमले की जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

इस हमले के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ओमर अब्दुल्ला ने मृतक मजदूरों के परिजनों के लिए 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने इस कायराना आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

यह हमला पिछले लगभग 21 महीनों में जम्मू-कश्मीर में प्रवासी मजदूरों पर हुआ पहला बड़ा आतंकी हमला माना जा रहा है। इस घटना के बाद घाटी में काम कर रहे बाहरी राज्यों के मजदूरों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *