पुरानी मशीनों से बिजली व्यवस्था बेहाल, जालौन-लोना उपकेंद्र जल्द चालू कराने की मांग

जालौन। नगर की विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर के कुछ समाजसेवियों ने जालौन टाउन विद्युत उपकेंद्र की करीब 20 वर्ष पुरानी मशीनों को बदलने तथा जालौन-लोना निर्माणाधीन विद्युत उपकेंद्र को जल्द चालू कराने की मांग की है। समाजसेवियों ने इस संबंध में विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता को जनहित प्रार्थना-पत्र देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
समाजसेवियों का कहना है कि जालौन टाउन विद्युत उपकेंद्र पर लगी मशीनें काफी पुरानी हो चुकी हैं। आए दिन तकनीकी खराबी के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित होती है और खराबी दूर करने में कई घंटे लग जाते हैं। भीषण गर्मी में लंबे समय तक बिजली गुल रहने से आम नागरिकों, बच्चों, बुजुर्गों, व्यापारियों और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने मांग की कि विद्युत उपकेंद्र का तत्काल स्थल निरीक्षण कर पुरानी मशीनों की तकनीकी जांच कराई जाए। यदि मशीनें खराब अथवा अनुपयोगी पाई जाती हैं तो उन्हें बदलने के लिए नई और आधुनिक क्षमता वाली मशीनों का प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजकर शीघ्र स्वीकृति दिलाई जाए।
वहीं, जालौन-लोना में निर्माणाधीन विद्युत उपकेंद्र को भी जल्द चालू कराने की मांग की गई है। समाजसेवियों के अनुसार उपकेंद्र का निर्माण कार्य काफी समय से चल रहा है और पूर्व में इसे करीब दो माह में चालू किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन अभी तक इसका लाभ नगरवासियों को नहीं मिल सका है। उपकेंद्र के चालू होने से विद्युत व्यवस्था पर पड़ने वाला अतिरिक्त भार कम होने के साथ आपूर्ति में सुधार की उम्मीद है।
समाजसेवियों ने अधिशासी अभियंता से दोनों उपकेंद्रों का तकनीकी टीम के साथ संयुक्त निरीक्षण कराकर लंबित कार्यों, उपकरणों, कनेक्शन और परीक्षण आदि की स्थिति स्पष्ट करने तथा शेष कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कर जालौन-लोना उपकेंद्र को जल्द चालू कराने की मांग की। साथ ही की गई कार्रवाई की प्रगति से अवगत कराने का अनुरोध किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *