मनरेगा सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर खेत मजदूर सभा का धरना आज से

 

0-14 अगस्त को बीडीओ को सौंपा जाएगा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन
जालौन। ग्रामीण गरीबों और खेत मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा की ओर से ब्लाक परिसर में दो दिवसीय धरना-प्रदर्शन शुरू किया जा रहा है। संगठन के राष्ट्रीय आह्वान पर 13 और 14 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम के तहत मजदूरों ने सरकार से ग्रामीण रोजगार, न्यूनतम मजदूरी, आवास, कर्जमाफी, जमीन, बिजली, पेंशन, शिक्षा और स्वास्थ्य समेत विभिन्न मांगें उठाई हैं।
संगठन का कहना है कि महंगाई बढ़ने के कारण ग्रामीण गरीबों की आमदनी और बचत प्रभावित हुई है तथा बड़ी संख्या में लोग कर्ज के जाल में फंस रहे हैं। ऐसे में ग्रामीण रोजगार योजना को मजबूत करने और गरीबों को आर्थिक सुरक्षा देने की आवश्यकता है।
धरने के दौरान संगठन की ओर से सभी ग्रामीणों के जॉब कार्ड बनाकर रोजगार उपलब्ध कराने, न्यूनतम मजदूरी 729 रुपये प्रतिदिन निर्धारित करने, आवासहीन परिवारों को आवास के लिए सात लाख रुपये देने, गरीबों के दो लाख रुपये तक के कर्ज माफ करने तथा गरीब परिवारों को पांच डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश में 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली, 60 वर्ष से अधिक उम्र के ग्रामीण गरीबों को छह हजार रुपये मासिक पेंशन, स्कूलों के बंद अथवा विलय पर रोक लगाकर स्नातक तक निशुल्क शिक्षा तथा बंद पड़े पीएचसी-सीएचसी को विशेषज्ञ चिकित्सकों और जांच सुविधाओं के साथ संचालित करने की मांग भी शामिल है। संगठन ने जातीय, धार्मिक, लैंगिक और भाषाई भेदभाव पर प्रभावी रोक लगाने तथा सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
बीडीओ को सौंपेंगे राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन
धरना-प्रदर्शन के दूसरे दिन 14 अगस्त को खंड विकास अधिकारी को राष्ट्रपति के नाम संबोधित 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा जाएगा। संगठन के जिला संयोजक का. काशीराम ने बताया कि मांगों को लेकर मजदूरों की आवाज बुलंद की जाएगी। इस दौरान जिला अध्यक्ष करमेश चन्द्र टेलर, आशाराम, फूलसिंह, सूरज, सुरेंद्र, कुंवर सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *