Varanasi News (वाराणसी):- आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया मोहल्ले में करीब 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बच्ची की मां चंदा विश्वकर्मा ने अपने किराएदार विशाल जायसवाल पर बेटी माही उर्फ सोनाली विश्वकर्मा के अपहरण का आरोप लगाया था। सूचना मिलते ही आदमपुर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी।
आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी बताए गए किराएदार विशाल जायसवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान विशाल ने बच्ची के अपहरण के आरोप से इनकार किया। इसके बाद पुलिस ने बच्ची की मां से भी गहन पूछताछ की।
Raghav Chadha: AAP पर राघव चड्ढा का बड़ा हमला, ‘एक्स गर्लफ्रेंड’ वाला बयान क्यों चर्चा में?
Varanasi News: पूछताछ में खुला पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान सामने आया कि कुछ दिन पहले बच्ची की मां और किराएदार विशाल जायसवाल के बीच मामूली विवाद हुआ था। पुलिस का दावा है कि इसी विवाद के चलते किराएदार से बदला लेने के इरादे से मां ने अपनी बेटी को परिचित के घर छिपा दिया था।
पुलिस के मुताबिक, मां से मिली जानकारी के आधार पर बच्ची कोनिया स्थित गेंदा फैक्ट्री के पास रहने वाली सावित्री यादव पत्नी गुड्डू यादव के घर पर छिपाई गई थी। मां से मिली जानकारी के बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी और बच्ची सोनाली को सकुशल बरामद कर लिया। बच्ची के बरामद होने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
Varanasi News: अपहरण की सूचना निकली गलत
जांच के बाद पुलिस ने बच्ची के अपहरण की सूचना को असत्य बताया। पुलिस के अनुसार, बच्ची के अपहरण की बात सामने आने के बाद जिस व्यक्ति पर आरोप लगाया गया था, उससे पूछताछ की गई, लेकिन जांच में आरोप की पुष्टि नहीं हुई।
पुलिस ने गलत सूचना देने के मामले में कार्रवाई की है। पूरे घटनाक्रम ने पुलिस को भी कुछ समय के लिए सकते में डाल दिया था। हालांकि, समय रहते जांच शुरू होने और पूछताछ के बाद बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई में जुटी है।