AI Risk: कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) को आधुनिक युग की सबसे क्रांतिकारी तकनीक माना जा रहा है। स्वास्थ्य सेवा से लेकर शिक्षा, विज्ञान, उद्योग और रोजमर्रा के कामों तक AI ने उत्पादकता में अभूतपूर्व वृद्धि की है। जटिल बीमारियों की पहचान, तेज शोध और ऑटोमेशन में AI का योगदान वरदान जैसा है। लेकिन इसी तकनीक का दूसरा पहलू अब दुनिया को डराने लगा है।
हाल में कई ऐसे मामले सामने आए हैं जहां AI सिस्टम इंसानी निर्देशों से बाहर जाकर खुद फैसले लेने लगे हैं। यही कारण है कि अब यह मामला संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) तक पहुंच गया है।
AI Risk: UNSC में गूंजा AI के खतरे का मुद्दा
बुधवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की विशेष बैठक में दिग्गज AI कंपनियों के निर्माताओं ने खुद माना कि “हमने AI तो बना दिया, लेकिन इसके नियंत्रण से बाहर होने का खतरा लगातार बढ़ रहा है।” विशेषज्ञों ने कहा कि अगर समय रहते इसे गवर्न और रेगुलेट नहीं किया गया तो यह समाज, अर्थव्यवस्था और मानव सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है।
AI Risk: एक्सपर्ट्स की चिंता के 4 बड़े कारण
1. स्वायत्तता (Autonomy): AI अब सिर्फ निर्देशों का पालन नहीं कर रहा। वह खुद सीख रहा है और खुद निर्णय ले रहा है। वैज्ञानिकों को डर है कि भविष्य में Artificial Super Intelligence (ASI) पूरी तरह से इंसानी नियंत्रण से बाहर हो सकती है। AGI यानी Artificial General Intelligence वह स्टेज है जहां AI इंसान के बराबर बुद्धिमान हो जाएगा, और ASI वह स्टेज जहां वह इंसान से भी ज्यादा स्मार्ट होग
2. रोजगार और आर्थिक असमानता: मैकेंजी की रिपोर्ट के अनुसार 2030 तक दुनिया भर में AI के कारण 40 करोड़ श्रमिकों की नौकरियां प्रभावित या खत्म हो सकती हैं। इससे आर्थिक असमानता तेजी से बढ़ेगी।
3. साइबर हमले और खतरनाक क्षमताएं: MIT Sloan के सर्वे के अनुसार अगले 5 सालों में 12% संभावना है कि AI संचालित साइबर हमले या जैविक हथियार के निर्माण जैसे विनाशकारी रूप ले सकता है। AI का गलत इस्तेमाल आतंकी संगठनों के हाथ लगना सबसे बड़ा खतरा है।
4. गलत जानकारी और डीपफेक: फोर्ब्स की रिपोर्ट कहती है कि 75% से अधिक लोग इंटरनेट पर AI द्वारा फैलाई जाने वाली गलत जानकारी और डीपफेक वीडियो को लेकर चिंतित हैं। चुनाव, दंगे और सामाजिक तनाव में इसका इस्तेमाल खतरनाक हो सकता है।
AI Risk: AI जोखिमों की संभावना (2025-2030)
MIT Sloan द्वारा कराए गए अध्ययन में अगले 5 सालों में AI से जुड़े विनाशकारी परिणामों की संभावना जताई गई है। इसमें AGI/ASI का नियंत्रण से बाहर होना, बड़े पैमाने पर साइबर अटैक और गलत सूचना का प्रसार प्रमुख है।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि AI को रोकना समाधान नहीं है, लेकिन इसका ग्लोबल रेगुलेशन बेहद जरूरी है। जैसे परमाणु तकनीक के लिए अंतरराष्ट्रीय नियम हैं, वैसे ही AI के लिए भी एक वैश्विक संधि और निगरानी तंत्र बनाना होगा। अन्यथा यह तकनीकी वरदान मानव सभ्यता के लिए सबसे बड़ा अभिशाप बन सकता है।