Nepal Landslide: नेपाल में बारिश-भूस्खलन से तबाही! पहाड़ का हिस्सा नदी में गिरा, 14 की मौत; नारायणी में बहा क्रूज

Nepal Landslide: नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच कई इलाकों में भूस्खलन और बाढ़ की घटनाओं ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के कारण पहाड़ों के हिस्से टूटकर नीचे गिर रहे हैं और कई जगह सड़कें मलबे से भर गई हैं। अलग-अलग बारिश और भूस्खलन से जुड़ी घटनाओं में कम से कम 14 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि कई लोग लापता बताए गए हैं।

सबसे चिंताजनक तस्वीर मनांग जिले के चामे इलाके से सामने आई, जहां भारी बारिश के बीच पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर मर्स्यांगदी नदी में जा गिरा। इससे नदी का प्रवाह प्रभावित हुआ और अस्थायी रूप से पानी जमा होकर झील जैसी स्थिति बन गई। बाद में पानी का स्तर करीब एक मीटर नीचे आने की जानकारी सामने आई, जिससे तत्काल खतरा कुछ कम हुआ।

बागलुंग में भूस्खलन से सबसे ज्यादा नुकसान

लगातार बारिश का असर बागलुंग जिले में भी देखने को मिला। यहां भूस्खलन के कारण कई घरों को नुकसान पहुंचा और कुछ मकान मलबे की चपेट में आ गए। स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

रिपोर्टों के मुताबिक बागलुंग में 10 लोगों की मौत हुई है और एक व्यक्ति अब भी लापता है। तमानखोला, निसीखोला और ताराखोला ग्रामीण नगरपालिकाओं के कई इलाकों में भूस्खलन से घरों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है।

FBI Reward: FBI की टॉप-10 मोस्ट वांटेड लिस्ट में गोल्डी बराड़, गिरफ्तारी की सूचना पर 10 लाख डॉलर का इनाम

Nepal Landslide: नारायणी नदी में बहा मिनी-क्रूज

भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है। चितवन में नारायणी नदी में खड़ा ‘राइनो’ मिनी-क्रूज बाढ़ के तेज बहाव में बह गया। बाद में यह नदी पर बने पुल के एक खंभे के पास जाकर फंस गया।

नेपाल के अधिकारियों के मुताबिक क्रूज को निकालने के लिए क्रेन और एक्सकेवेटर की मदद ली गई, लेकिन शुरुआती प्रयास सफल नहीं रहे। क्रूज के पुल के पास फंसे रहने से सुरक्षा को देखते हुए पुल पर वाहनों की आवाजाही भी रोक दी गई थी।

कई जिलों में बारिश का असर

भारी बारिश से मनांग, म्याग्दी, बागलुंग, पर्वत और पाल्पा समेत कई जिले प्रभावित हुए हैं। कुछ इलाकों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। भारत टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, इन घटनाओं में कई लोगों की मौत हुई और 14 लोग लापता बताए गए थे।

प्रशासन प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों पर नजर बनाए हुए है। लगातार बारिश के बीच नदी किनारे और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए भी सतर्कता बढ़ाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *