लखनऊ (उत्तर प्रदेश):- उत्तर प्रदेश सरकार ने बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री को निलंबित कर दिया है। शासन की ओर से जारी आदेश में उन पर अनुशासनहीनता के आरोप लगाए गए हैं। निलंबन के साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच भी बैठा दी गई है। फिलहाल उन्हें शामली जनपद से संबद्ध किया गया है।
सूत्रों के अनुसार अलंकार अग्निहोत्री द्वारा हाल के दिनों में दिए गए सार्वजनिक बयान और उनके प्रशासनिक आचरण को लेकर शासन स्तर पर असंतोष जताया गया था। UGC से जुड़े एक मुद्दे और ब्राह्मण समाज से संबंधित टिप्पणी के विरोध में दिए गए उनके इस्तीफे की पेशकश के बाद यह कार्रवाई सामने आई है।
राज्य सरकार का कहना है कि कोई भी अधिकारी सेवा नियमों से ऊपर नहीं है और प्रशासनिक मर्यादा बनाए रखना सभी के लिए अनिवार्य है। इसी आधार पर प्रारंभिक तथ्यों के संज्ञान में आने के बाद निलंबन का फैसला लिया गया है।
वहीं दूसरी ओर इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ संगठनों और व्यक्तियों का आरोप है कि सरकार असहमति की आवाजों के प्रति सख्त रुख अपना रही है। समर्थकों का कहना है कि यह कार्रवाई विचार अभिव्यक्ति पर दबाव के रूप में देखी जा रही है।
सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि पूरा मामला जांच के दायरे में है और अंतिम निर्णय जांच रिपोर्ट के आधार पर ही लिया जाएगा। तब तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।