जौनपुर (उत्तर प्रदेश):- जौनपुर उत्तर प्रदेश में 31 जनवरी 2026 को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ दिनेश चंद्र ने बताया कि विधानसभा क्षेत्रों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आज शनिवार को जिले भर में विशेष शिविरों का आयोजन किया गया है।
यह अभियान जौनपुर जिले की सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों में संचालित किया जा रहा है जिनमें
364 बदलापुर
365 शाहगंज
366 जौनपुर
367 मल्हनी
368 मुंगरा बादशाहपुर
369 मछलीशहर
370 मड़ियाहूं
371 जफराबाद
372 केराकत
शामिल हैं। इन सभी विधानसभा क्षेत्रों के समस्त मतदान केंद्रों पर यह विशेष शिविर लगाए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार ग्राम सभा शहरी स्थानीय निकाय क्षेत्रों में पार्षद प्रधान वार्ड सदस्य बूथ लेवल एजेंट स्थानीय जनप्रतिनिधि और नागरिकों की उपस्थिति में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) मतदाता सूची का वाचन करेंगे। यह प्रक्रिया सुबह 10 बजकर 30 मिनट से सायं 4 बजकर 30 मिनट तक चलेगी।
इस दौरान मृतक मतदाताओं के नाम हटाने स्थानांतरण डुप्लीकेट प्रविष्टियों और प्रकाशित प्रारूप सूची की जांच की जाएगी। यदि किसी मतदाता का नाम सूची में गलत दर्ज है या किसी कारणवश नाम शामिल नहीं है तो ऐसे पात्र नागरिकों से फॉर्म 6 घोषणा पत्र के साथ आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
निर्वाचन विभाग ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं और सुनिश्चित करें कि उनका नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज हो। यह अभियान लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।