अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर तैयारियां तेज, 15 जून से शुरू होगा योग सप्ताह

 

 

सोनभद्र। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 को जनपद में भव्य एवं दिव्य स्वरूप में मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें 15 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले योग सप्ताह कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योग दिवस से जुड़े सभी कार्यक्रमों का आयोजन व्यापक जनभागीदारी के साथ किया जाए, ताकि योग के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़े और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिले। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

 

जानकारी के अनुसार योग सप्ताह का शुभारंभ 15 जून को कलेक्ट्रेट परिसर से किया जाएगा। इसके बाद जनपद के विभिन्न स्थानों पर योग से संबंधित गतिविधियों का आयोजन होगा। शिवाजी मिनी स्टेडियम, जिला कारागार, तहसील मुख्यालयों, विकास खंडों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक पार्कों तथा नदी तटों पर सामूहिक योगाभ्यास, योग प्रतिज्ञा कार्यक्रम, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, योग प्रतियोगिताएं एवं विशेष योग सत्र आयोजित किए जाएंगे।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि योग सप्ताह के कार्यक्रमों को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए आपसी समन्वय और सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।

 

बैठक में जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह सहित आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा विभाग के अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासन को उम्मीद है कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में नागरिक भागीदारी करेंगे और योग के महत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *