जौनपुर। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए दैनिक हिंदुस्तान द्वारा सोमवार को भव्य हिंदुस्तान प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम यूनाइटेड यूनिवर्सिटी, प्रयागराज के सहयोग से शहर के सिपाह स्थित होटल रिवर व्यू में प्रातः 9 बजे से शुरू होगा।
समारोह में यूपी बोर्ड, सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड की वर्ष 2025-26 की इंटरमीडिएट परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार जिले भर से लगभग 200 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किए जाने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य राजस्व अधिकारी अजय कुमार अंबष्ट, एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव तथा वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) देवेंद्र सिंह तथा उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के पूर्व सदस्य एवं बीएचयू के पूर्व प्रोफेसर डॉ. आर्यन त्रिपाठी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
सम्मान समारोह के दौरान विद्यार्थियों के लिए विशेष मोटिवेशनल एवं करियर मार्गदर्शन सत्र का भी आयोजन किया जाएगा। इस सत्र में शिक्षा विशेषज्ञ एवं करियर काउंसलर उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा भविष्य के करियर विकल्पों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करेंगे।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें भविष्य में बेहतर उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित करना है। समारोह से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक मोबाइल नंबर 9453535754 एवं 7007895560 पर संपर्क कर सकते हैं।