इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में रविवार को बड़ा आत्मघाती हमला हुआ। एक पुलिस स्टेशन के बाहर हुए Suicide Blast में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य घायल हो गए। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आत्मघाती हमलावर ने पुलिस स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के पास खुद को विस्फोट से उड़ा लिया। धमाके की चपेट में पुलिसकर्मी और आम नागरिक दोनों आ गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। अभी तक किसी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन अधिकारियों को आशंका है कि इसके पीछे सक्रिय आतंकी संगठन हो सकते हैं।
हाल के महीनों में पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांत में आतंकवादी हमलों की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।