Jaunpur Road Accident: वाराणसी से दर्शन कर लौट रहे उन्नाव के श्रद्धालुओं की कार ट्रक से टकराई, दो की मौत, तीन घायल

Jaunpur Road Accident

Keyword :- वाराणसी से बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन कर उन्नाव लौट रहे श्रद्धालुओं की कार सोमवार तड़के जौनपुर में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। वाराणसी-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुल्हनामऊ के सामने कार अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार ट्रक में बुरी तरह फंस गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार उन्नाव जिले के पांच दोस्त शनिवार को कार से वाराणसी दर्शन के लिए गए थे। रविवार को बाबा काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन करने के बाद सभी देर रात उन्नाव के लिए रवाना हुए। सोमवार सुबह करीब पांच बजे जौनपुर के नवपेड़वा थाना क्षेत्र स्थित कुल्हनामऊ के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने आवास विकास कॉलोनी निवासी अखिलेश कुमार शुक्ला और गांधीनगर कॉलोनी निवासी अंकित शुक्ला को मृत घोषित कर दिया।

बताया गया कि अखिलेश कुमार शुक्ला एक स्कूल में शिक्षक थे, जबकि अंकित शुक्ला व्यवसाय से जुड़े थे। वहीं शोभित शुक्ला, शोभित श्रीवास्तव और संदीप मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है, जिनमें दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतकों और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *