IndiGo Flight 6E-723 :- कोलकाता से चेन्नई आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-723 में मंगलवार देर रात लैंडिंग से कुछ समय पहले तकनीकी खराबी सामने आई। विमान के बाएं इंजन के काम नहीं करने की जानकारी मिलने के बाद चेन्नई एयरपोर्ट पर पूर्ण आपातकाल घोषित किया गया। विमान ने रनवे-25 पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान में यात्रियों और क्रू समेत 224 लोग सवार थे और सभी सुरक्षित हैं।
लैंडिंग से पहले इंजन में आई खराबी
रिपोर्ट के मुताबिक, कोलकाता से चेन्नई जा रही फ्लाइट 6E-723 जब चेन्नई के करीब पहुंची, तभी उसके बाएं इंजन में खराबी की जानकारी मिली। इसके बाद पायलटों ने एयरपोर्ट अथॉरिटी को सूचित किया और आपातकालीन लैंडिंग की तैयारी शुरू की गई।
चेन्नई एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित
चेन्नई एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, रात करीब 11:29 बजे फ्लाइट के लिए फुल इमरजेंसी घोषित की गई। विमान का निर्धारित आगमन समय 11:30 बजे था, जबकि इसके 11:37 बजे पहुंचने की उम्मीद थी। सुरक्षा के लिए एयरपोर्ट पर आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट कर दिया गया।
224 लोग थे विमान में सवार
इंडिगो की इस फ्लाइट में कुल 224 लोग सवार थे। विमान ने रनवे-25 पर सुरक्षित लैंडिंग की और इसके बाद सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
जांच के लिए विमान की जांच शुरू
लैंडिंग के बाद विमान को तकनीकी जांच के लिए रखा गया है। शुरुआती जानकारी में इंजन की खराबी के साथ तेल रिसाव की भी बात सामने आई है। घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
फिलहाल राहत की बात यह है कि बड़ी तकनीकी खराबी के बावजूद विमान सुरक्षित उतर गया और सभी 224 लोग सुरक्षित हैं।