Sirmaur Accident: सिरमौर में खाई में गिरी बोलेरो कैंपर, 4 लोगों की मौके पर मौत; 9 घायल

Sirmaur Road Accident :- हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। संगड़ाह क्षेत्र के गत्तलोग के पास एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हुए हैं।

अंतिम संस्कार के लिए जा रहे थे लोग

जानकारी के मुताबिक बोलेरो कैंपर में एक मृतक का शव और उसके साथ परिवार के सदस्य व ग्रामीण सवार थे। संगड़ाह अस्पताल में एक व्यक्ति की हार्ट अटैक से मौत के बाद परिवार शव को अंतिम संस्कार के लिए अरलू गांव ले जा रहा था।

इसी दौरान गत्तलोग के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। बोलेरो सड़क से फिसलकर करीब 50 मीटर नीचे खाई में जा गिरी

चार लोगों ने मौके पर तोड़ा दम

हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान राजेंद्र (37), देशराज (23), रिखी राम (58) और राम गोपाल (62) के रूप में हुई है।

हादसे में चालक समेत नौ लोग घायल हुए हैं। इनमें से चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज संगड़ाह अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन के अनियंत्रित होने के बाद यह हादसा हुआ।

मानसून के बीच बढ़ी सड़क हादसों की चिंता

हिमाचल प्रदेश में लगातार जारी मानसून के कारण कई पहाड़ी मार्गों पर सफर जोखिम भरा बना हुआ है। बारिश के चलते सड़कें फिसलन भरी होने और जगह-जगह भूस्खलन की घटनाओं से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *