बिना वैध मंडी प्रपत्र के मिले लाही व मूंगफली लदे वाहन, 3.09 लाख रुपये की वसूली

मंडी सचिव अंकित गुप्ता के नेतृत्व में चला चेकिंग अभियान

जालौन। मंडी समिति जालौन के सचल दल ने मंगलवार रात बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास चेकिंग अभियान चलाकर कृषि उपज से लदे वाहनों के मंडी संबंधी प्रपत्रों की जांच की। अभियान मंडी सचिव अंकित गुप्ता के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें मंडी सहायक योगेश कुमार एवं मंडी सहायक राघवेंद्र सिंह ने वाहनों की जांच की।

चेकिंग के दौरान दो वाहनों में मंडी से संबंधित वैध प्रपत्र मौके पर नहीं मिले। इनमें करीब 200 कुंतल लाही से लदा ट्रक और करीब 120 कुंतल मूंगफली से लदा कंटेनर शामिल था। सचल दल ने दोनों वाहनों को मंडी समिति परिसर में लाकर आवश्यक कार्रवाई की।

मंडी समिति की ओर से दोनों वाहनों पर कुल 2 लाख 81 हजार रुपये का शमन किया गया। इसके अलावा 28,200 रुपये मंडी शुल्क एवं विकास सेस के रूप में वसूले गए। इस तरह दोनों वाहनों से कुल 3 लाख 9 हजार 200 रुपये की वसूली की गई।

व्यापारियों को नियमों का पालन करने की चेतावनी

मंडी अधिकारियों ने व्यापारियों और वाहन संचालकों को चेतावनी दी कि मंडी से संबंधित देय भुगतान और आवश्यक प्रपत्र पूरे किए बिना कृषि उपज से लदे वाहनों का आवागमन न किया जाए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मंडी नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी इसी तरह चेकिंग और कार्रवाई जारी रहेगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *