डिजिटल कंसेंट जागरूकता का नया अभियान शुरू

नई दिल्ली :- भारत में मोबाइल उपयोगकर्ताओं के लिए संचार सुरक्षा और डिजिटल अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। अब देश के सभी प्रमुख टेलीकॉम नेटवर्क Jio Airtel Vi और BSNL के उपभोक्ताओं को एक विशेष नंबर 127000 से संदेश प्राप्त होने लगेंगे। यह सिर्फ एक सामान्य सूचना नहीं बल्कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पहल है जिसे ट्राई और आरबीआई ने संयुक्त रूप से डिजिटल कंसेंट एक्विजिशन यानी डीसीए पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया है।

इस नए अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ग्राहकों की व्यक्तिगत जानकारी और डिजिटल सहमति का उपयोग जिम्मेदारी से और पारदर्शिता के साथ हो। अब किसी भी सेवा बैंकिंग सुविधा या प्रमोशनल गतिविधि के लिए आपकी स्वीकृति को डिजिटल रूप से अधिक सुरक्षित तरीके से दर्ज किया जाएगा। 127000 से आने वाले संदेश उपभोक्ताओं को यह जानकारी देंगे कि कौन सी संस्था आपकी सहमति मांग रही है साथ ही यह भी बताया जाएगा कि आप चाहें तो इसे स्वीकार कर सकते हैं या अस्वीकार कर सकते हैं।

आज के समय में बढ़ते डिजिटल फ्रॉड और अनचाहे प्रमोशनल मैसेज के बीच यह व्यवस्था उपभोक्ताओं को अपने डेटा पर बेहतर नियंत्रण देगी। उपभोक्ता इस प्रणाली के जरिए यह तय कर सकेंगे कि कौन सी कंपनी या सेवा प्रदाता उनके नंबर का उपयोग कर सकता है और किसे अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। यह पहल देश में डिजिटल पारदर्शिता और साइबर सुरक्षा की दिशा में एक मजबूत आधार तैयार करेगी।

इसके साथ ही यह प्रोजेक्ट टेलीकॉम और वित्तीय संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय बनाएगा जिससे ग्राहकों को सुरक्षित वातावरण में सेवाएं मिल सकेंगी। आने वाले समय में यह प्रणाली देश के डिजिटल ढांचे को और मजबूत बनाएगी और उपयोगकर्ताओं में डिजिटल जागरूकता भी बढ़ाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *