Gujarat Road Accident: भावनगर में ट्रेलर में घुसी तेज रफ्तार बोलेरो, अलंग शिपयार्ड के 6 कर्मचारियों की मौत; एक गंभीर घायल

Gujarat Road Accident: गुजरात के भावनगर जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में अलंग शिपब्रेकिंग यार्ड के छह कर्मचारियों की मौत हो गई। हादसा भावनगर-सोमनाथ हाईवे पर त्रापज गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बोलेरो कार आगे चल रहे ट्रेलर के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, बोलेरो में सवार लोग अलंग शिपब्रेकिंग यार्ड के दो अलग-अलग प्लॉट में काम करने वाले कर्मचारी थे। वे सुबह अपने कार्यस्थल की ओर जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

सऊदी अरब हमला: सऊदी अरब के दो एयरपोर्ट पर हमला, तीन लोग घायल; जाज़ान और नजरान में मचा हड़कंप

Gujarat Road Accident:हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान विजयभाई, साधुभाई, जिग्नेशभाई, भार्गवभाई, हिरेनभाई और योगेशभाई के रूप में बताई गई है। वहीं घायल व्यक्ति की पहचान जयेशभाई के तौर पर हुई है। उन्हें पहले भावनगर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए निजी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया।

पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना की सटीक वजह को लेकर जांच जारी है। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, घटना के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दुर्घटना कैद होने की बात भी सामने आई है।

इस हादसे की खबर से अलंग शिपब्रेकिंग यार्ड और मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है। एक ही वाहन में सवार कर्मचारियों के साथ हुए हादसे ने इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और दुर्घटना के लिए कौन से कारण जिम्मेदार रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *