Food Safety on Wheels: नवरात्रि-दिवाली से पहले मिलावटखोरों पर FSSAI की नजर, राज्यों को बढ़ानी होगी खाद्य पदार्थों की जांच और सैंपलिंग

Food Safety on Wheels (नई दिल्ली): नवरात्रि और दिवाली जैसे बड़े त्योहारों के नजदीक आते ही बाजारों में खाद्य पदार्थों की मांग तेजी से बढ़ने की संभावना है। इसी को देखते हुए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने देशभर में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। FSSAI ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को त्योहारों के दौरान निगरानी, निरीक्षण और खाद्य पदार्थों के सैंपल लेने की कार्रवाई तेज करने को कहा है।

FSSAI के 29 सितंबर 2026 के निर्देश में कहा गया है कि त्योहारी अवधि में मिठाइयों, नमकीन और अन्य स्नैक्स, पेय पदार्थों, खाद्य तेल तथा दूध और दूध से बने उत्पादों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावटी, नकली या असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए निगरानी और प्रवर्तन कार्रवाई को मजबूत करना जरूरी है।

खास तौर पर दूध और दूध से बने उत्पादों जैसे घी, खोया और पनीर के अलावा मिठाइयों, नमकीन, पापड़ और अन्य खाद्य उत्पादों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है। FSSAI ने यह भी स्पष्ट किया है कि अलग-अलग क्षेत्रों में स्थानीय खान-पान और खपत के पैटर्न के अनुसार अन्य खाद्य पदार्थों को भी जांच के दायरे में शामिल किया जा सकता है।

हॉटस्पॉट और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी

खाद्य सुरक्षा आयुक्तों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नामित अधिकारियों, फूड सेफ्टी अधिकारियों और केंद्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के जरिए निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान चलाएं। खास तौर पर उन बाजारों और स्थानों पर ध्यान देने को कहा गया है जिन्हें मिलावट के लिहाज से संवेदनशील या हॉटस्पॉट माना जाता है।

इसके साथ ही जहां उपलब्ध हों वहां Food Safety on Wheels मोबाइल यूनिट्स को प्रमुख बाजारों में रणनीतिक रूप से तैनात करने की सलाह दी गई है। इन मोबाइल इकाइयों के जरिए मौके पर खाद्य पदार्थों की जांच, निगरानी और उपभोक्ताओं में जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

Islamabad Protest: पाकिस्तान में भी लोकतंत्र की लड़ाई! इमरान खान के समर्थन में हजारों लोग इस्लामाबाद की ओर बढ़े

Food Safety on Wheels: जांच का डेटा रियल टाइम में दर्ज होगा

FSSAI ने निरीक्षण, सैंपलिंग और उनके परिणामों से जुड़े आंकड़ों को FoSCoS/FoSCORIS सिस्टम पर रियल टाइम में अपडेट करने के निर्देश भी दिए हैं। FoSCORIS खाद्य सुरक्षा निरीक्षण और सैंपलिंग को डिजिटल तरीके से दर्ज करने वाला प्लेटफॉर्म है। इससे निरीक्षण की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और ट्रैक करने योग्य बनाने में मदद मिलती है।

त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए FSSAI ने इस अभियान को प्राथमिकता देने को कहा है। उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि त्योहारों के दौरान बाजार में पहुंचने वाले खाद्य उत्पाद निर्धारित सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरें तथा उपभोक्ताओं तक मिलावटी या असुरक्षित खाद्य पदार्थों की पहुंच को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *