न्यूयॉर्क। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारत की अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। 17 नवंबर को छात्रों और शिक्षकों के साथ एक संवाद कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भारत गंभीर आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, देश में बड़े पैमाने पर बेरोजगारी है और शिक्षा व्यवस्था में भी गहरी समस्याएं मौजूद हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि भारत का मौजूदा आर्थिक मॉडल करीब एक दशक पहले ही परिणाम देना बंद कर चुका है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आर्थिक दिशा में बदलाव नहीं किया गया तो देश को गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।
युवाओं को डिग्री के बाद भी नौकरी की चिंता
कोलंबिया यूनिवर्सिटी में पत्रकार लीडिया पोलग्रीन के साथ बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने युवाओं की निराशा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मध्यमवर्गीय परिवारों के कई युवा पढ़ाई पूरी करने के बाद भी अपने भविष्य को लेकर आश्वस्त नहीं हैं।
राहुल के अनुसार, युवाओं के मन में यह सवाल उठ रहा है कि अच्छी यूनिवर्सिटी से डिग्री हासिल करने के बाद भी अगर नौकरी नहीं मिलती तो उस शिक्षा का क्या लाभ है। उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
मैन्युफैक्चरिंग और छोटे कारोबार पर दिया जोर
राहुल गांधी ने भारतीय अर्थव्यवस्था में छोटे और मझोले कारोबार तथा कृषि क्षेत्र की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उनका कहना था कि ये क्षेत्र बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार देते हैं और अर्थव्यवस्था की बुनियाद हैं।
उन्होंने मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मजबूत करने की जरूरत बताई। राहुल ने कहा कि केवल सर्विस सेक्टर के सहारे देश की पूरी आबादी को रोजगार उपलब्ध कराना संभव नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी योजनाओं पर भी सवाल उठाए और दावा किया कि इनसे रोजगार तथा विनिर्माण क्षेत्र को अपेक्षित मजबूती नहीं मिल सकी।
निजी निवेश और बड़े कारोबारी समूहों पर भी टिप्पणी
कांग्रेस नेता ने देश में निजी निवेश की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि छोटे और मझोले कारोबार को पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने उद्योग जगत में कुछ बड़े कारोबारी समूहों के बढ़ते प्रभाव का भी जिक्र किया।
राहुल गांधी ने कहा कि भारत को मजबूत विनिर्माण आधार के बिना आर्थिक रूप से आगे बढ़ने में कठिनाई होगी। उन्होंने मौजूदा आर्थिक ढांचे में बदलाव और रोजगार पैदा करने वाले क्षेत्रों को मजबूत करने की जरूरत बताई।
राहुल के बयान पर भाजपा का पलटवार
राहुल गांधी के बयान के बाद भाजपा नेताओं ने उनकी आलोचना की। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी सहित कई नेताओं ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी मंचों पर भारत की अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र की नकारात्मक तस्वीर पेश कर रहे हैं।
भाजपा नेताओं ने उनके ‘इकोनॉमिक डिजास्टर’ वाले बयान को भारत की छवि खराब करने वाला बताया। वहीं, राहुल गांधी की ओर से उठाए गए बेरोजगारी, शिक्षा और मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े मुद्दों को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
राहुल गांधी अमेरिका के दो दिवसीय दौरे पर हैं। कोलंबिया यूनिवर्सिटी में संवाद के बाद उनका शिकागो यूनिवर्सिटी में भी कार्यक्रम निर्धारित है।