कर्नाटक की राजनीति में बड़ा उलटफेर, तीन बजे इस्तीफा दे सकते हैं सिद्धारमैया

 

बेंगलुरु (कर्नाटक):- कर्नाटक की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। राज्य के मंत्री एचके पाटिल के बयान के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। उन्होंने दावा किया है कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया आज तीन बजे इस्तीफा दे सकते हैं और कांग्रेस नेतृत्व डीके शिवकुमार को नया मुख्यमंत्री बनाने जा रहा है।

बेंगलुरु में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के आवास पर हुई अहम नाश्ता बैठक के बाद यह बयान सामने आया। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच सत्ता परिवर्तन को लेकर चर्चा हुई। एचके पाटिल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पार्टी नेतृत्व ने डीके शिवकुमार को अगला मुख्यमंत्री बनाने का फैसला कर लिया है।काफी समय से कर्नाटक कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर अटकलें चल रही थीं। विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार दोनों दावेदार माने जा रहे थे। उस समय पार्टी हाईकमान ने सिद्धारमैया को मुख्यमंत्री और डीके शिवकुमार को उपमुख्यमंत्री बनाकर संतुलन बनाने की कोशिश की थी।

अब एक बार फिर सत्ता परिवर्तन की चर्चा ने राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया है। कांग्रेस के भीतर लंबे समय से यह चर्चा चल रही थी कि ढाई ढाई साल के फार्मूले के तहत नेतृत्व बदल सकता है। हालांकि पार्टी की ओर से अब तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री बनते हैं तो यह कांग्रेस संगठन और क्षेत्रीय समीकरणों के लिहाज से बड़ा फैसला माना जाएगा। शिवकुमार को संगठन पर मजबूत पकड़ रखने वाला नेता माना जाता है और उन्होंने विधानसभा चुनाव में पार्टी को सत्ता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी।दूसरी ओर विपक्ष ने इस घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस सरकार अंदरूनी खींचतान और सत्ता संघर्ष से जूझ रही है।फिलहाल सभी की नजर कांग्रेस हाईकमान और बेंगलुरु में होने वाली अगली बैठकों पर टिकी हुई है। यदि सिद्धारमैया इस्तीफा देते हैं तो कर्नाटक की राजनीति में यह बड़ा सत्ता परिवर्तन साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *