दो घायलों की हालत गंभीर, वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर
बभनी – अम्बिकापुर मार्ग पर विष्णु प्रिया ढाबा पोखरा के पास हुई घटना
बभनी।बभनी-अम्बिकापुर मुख्य मार्ग पर विष्णु प्रिया ढाबा पोखरा के समीप वृहस्पतिवार को सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो की हालत नाजुक होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया । वहीं मृतिका रूचि सिंह को पुलिस ने पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार एक कार सिकंदर पुर बलिया से रेणुकूट होते हुए बभनी-अम्बिकापुर मार्ग से गुजर रही थी और रायपुर छत्तीसगढ़ जा रहे थे।इसी दौरान विष्णु प्रिया ढाबा पोखरा के पास सड़क किनारे खड़े एक टैंकर में कार सामने से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों और राहगीरों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की तथा तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने रूचि सिंह (33 वर्ष), पत्नी पवन सिंह को मृत घोषित कर दिया।
वहीं हादसे में घायल अन्य पांच लोगों यतेंद्र सिंह 70 पुत्र धर्मदेव सिंह, मालती सिंह 65 पत्नी यतेंद्र सिंह,पवन सिंह 35 पुत्र यतेंद्र सिंह, पंकज सिंह 32 पुत्र यतेंद्र सिंह, रिमझिम 4 पुत्री पवन सिंह निवासी सिकंदर पुर जिला बलिया का उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों ने दो घायलों यतेंद्र सिंह व पवन सिंह की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतका की असामयिक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और नींद आने का कारण खड़े टैंकर से कार की टक्कर होने की आशंका जताई जा रही है।