Pakistan Drone Weapons Recovery: तरनतारन में बीएसएफ ने मार गिराए पाकिस्तान से आए तीन ड्रोन, भारी मात्रा में हथियार बरामद

Pakistan Drone Weapons Recovery :- स्वतंत्रता दिवस से पहले पंजाब के तरनतारन जिले में सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने पाकिस्तान की ओर से भेजे गए तीन ड्रोन को मार गिराकर बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। इसके बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन में भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए। इस मामले में एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

बीएसएफ के अनुसार, खालरा सेक्टर में तैनात 142वीं बटालियन के जवानों ने रात के समय पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा की तरफ आते तीन ड्रोन की गतिविधि देखी। जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ड्रोन पर फायरिंग की, जिसके बाद तीनों ड्रोन निष्क्रिय हो गए। इसके बाद पूरे इलाके में संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने सात विदेशी पिस्टल, एक सिक्योरिटी गन, 89 कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया। जांच के दौरान पुलिस ने मंजीत सिंह नामक एक संदिग्ध तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हथियारों की खेप पाकिस्तान में बैठे तस्करों के संपर्क के माध्यम से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में भेजी गई थी।

तरनतारन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने बताया कि खालरा थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन हथियारों को किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। स्वतंत्रता दिवस से पहले इस कार्रवाई को बीएसएफ और पंजाब पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *