Penchvalley Express AC Coach Short Circuit: इंदौर जा रही ट्रेन के एसी कोच में शॉर्ट सर्किट, 72 यात्रियों को सुरक्षित निकाला

Penchvalley Express AC Coach Short Circuit भोपाल। नैनपुर से इंदौर जा रही पेंचवैली एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 19344) के बी-2 एसी कोच में बुधवार तड़के शॉर्ट सर्किट होने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना इटारसी से पहले पोला पत्थर रेलवे स्टेशन के पास सुबह करीब चार बजे हुई, जब एसी पैनल से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते पूरा कोच धुएं से भर गया।

कोच में सवार अधिकांश यात्री उस समय सो रहे थे। धुआं फैलने के बाद यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। स्थिति को देखते हुए यात्रियों ने तत्काल रेलवे कर्मचारियों को सूचना दी और ट्रेन को रोक दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एसी पैनल से चिंगारियां भी निकल रही थीं, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।

रेलवे की त्वरित कार्रवाई के चलते बी-2 कोच में सवार सभी 72 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बाद में यात्रियों को अन्य कोचों में स्थानांतरित कर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। इस दौरान किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में एसी पैनल में शॉर्ट सर्किट को हादसे का कारण माना जा रहा है। रेलवे ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *