नई दिल्ली :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर सेशेल्स पहुंच गए हैं। इस दौरान वह सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस की स्वर्ण जयंती (50वीं वर्षगांठ) के समारोह में मुख्य अतिथि (Guest of Honour) के रूप में शामिल होंगे। एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी होगी। दोनों नेता रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, व्यापार, विकास साझेदारी और हिंद महासागर क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री सेशेल्स की नेशनल असेंबली को भी संबोधित करेंगे।
यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हो रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने यात्रा से पहले कहा कि सेशेल्स भारत का एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी और ‘विजन महासागर (MAHASAGAR)’ का प्रमुख साझेदार है। भारत हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और साझा समृद्धि के लिए सेशेल्स के साथ सहयोग को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह दौरा हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की रणनीतिक उपस्थिति को और सुदृढ़ करेगा। समुद्री सुरक्षा, ब्लू इकोनॉमी, क्षमता निर्माण और विकास परियोजनाओं में सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ यह यात्रा दोनों देशों के पारंपरिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।