नई दिल्ली:- सोना-चांदी के दामों में सोमवार, 10 नवंबर को जोरदार तेजी देखने को मिली। अंतरराष्ट्रीय बाजार (Comex) में सोने की कीमत 4100 डॉलर (करीब 3,63,612 रुपए) प्रति औंस (28.34 ग्राम) को पार कर गईं, तो वहीं घरेलू बाजार में 24 कैरेट गोल्ड में 2450 रुपए से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज हुई। जबकि चांदी में 4900 रुपए तक का जबरदस्त उछाल आया। एक्सपर्ट्स का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर की कमजोरी, तेल की बढ़ती कीमतें और ब्याज दरों में राहत की उम्मीद के चलते निवेशक फिर से सोना-चांदी की ओर लौटे हैं। इससे दोनों धातुओं में तेजी का रुख बना हुआ है।
MCX पर क्या हैं सोना-चांदी के दाम?
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर शाम 6.30 बजे तक दिसंबर डिलीवरी वाले गोल्ड फ्यूचर में करीब 2.03% की बढ़त दर्ज हुई और दाम 1,21,067 रुपए से उछलकर 1,23,530 रुपए (gold rate today) प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गए। यानी 2463 रुपए की बढ़त एक झटके में देखने को मिली। इस दौरान गोल्ड का लो लेवल 1,21,768 रुपए और हाई लेवल 1,23,585 रुपए प्रति 10 ग्राम रहा।
वहीं, सिल्वर फ्यूचर (5 दिसंबर 2025 डिलीवरी) में 3.48% की छलांग लगी और दाम 1,47,728 रुपए से बढ़कर 1,52,875 रुपए (silver rate today) प्रति किलो हो गए, यानी चांदी में 5147 रुपए की तेजी देखने को मिली। ट्रेडिंग के दौरान चांदी का लो लेवल 1,49,540 रुपए और हाई लेवल 1,52,924 रुपए प्रति किलोग्राम रहा।