नई दिल्ली :- फिजिक्सवाला आईपीओ का इंतजार खत्म हो गया है। यह आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए मंगलवार, 11 नवंबर 2025 से खुल गया है। यह आईपीओ 13 नवंबर को समाप्त होगा। अगर आप भी इस आईपीओ के जरिए कमाई करने की सोच रहे हैं तो आज से इसमें बोली लगा सकते हैं। कंपनी ने ठीक एक दिन पहले ही एंकर निवेशकों (बड़े निवेशकों) से 1,563 करोड़ रुपये जुटाए हैं। आपको बता दें, यह देश में एकमात्र प्रमुख शुद्ध-प्ले एडटेक कंपनी है, जो अपना आईपीओ लेकर आई है।
आईपीओ का प्राइस बैंड
फिजिक्सवाला आईपीओ का प्राइस बैंड 103 रुपये से 109 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। इसका लक्ष्य ऊपरी सीमा पर 31,500 करोड़ रुपये से अधिक का मूल्यांकन है। आईपीओ में 3,100 करोड़ रुपये की ताजा इक्विटी शेयरों की पेशकश और प्रमोटरों द्वारा 380 करोड़ रुपये तक के शेयरों की बिक्री का ऑफर-फॉर-सेल (ओएफएस) शामिल है।
एंकर बुक में 57 फंड्स
बीएसई की वेबसाइट पर अपलोड किए गए एक सर्कुलर में बताया गया कि एंकर बुक में 57 फंड्स की भागीदारी रही, जिनमें ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, कोटक महिंद्रा म्यूचुअल फंड, निप्पोन इंडिया म्यूचुअल फंड, आदित्य बिरला सन लाइफ, मोटिलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड, टाटा म्यूचुअल फंड, और डीएसपी म्यूचुअल फंड सहित प्रमुख वैश्विक निवेशक जैसे गोल्डमैन सैच्स, फिडेलिटी, और टेम्पलटन शामिल हैं।