चंडीगढ़ (पंजाब):- भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब में बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए पूर्व कांग्रेसी नेता केवल सिंह ढिल्लों को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी ने यह फैसला ऐसे समय में लिया है जब 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज हो रही हैं और भाजपा पंजाब में अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।
केवल सिंह ढिल्लों पंजाब की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते थे और बरनाला से विधायक भी रह चुके हैं। बाद में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का करीबी माना जाता है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार भाजपा ने पंजाब में सिख चेहरे को आगे कर बड़ा राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है। पार्टी लंबे समय से राज्य में अपनी पारंपरिक छवि से बाहर निकलकर ग्रामीण और सिख मतदाताओं के बीच प्रभाव बढ़ाने की रणनीति बना रही थी।
सूत्रों के मुताबिक भाजपा नेतृत्व पंजाब में नए सामाजिक समीकरण बनाने पर जोर दे रहा है। इसी वजह से केवल सिंह ढिल्लों के नाम पर सहमति बनी। पार्टी के भीतर यह माना जा रहा है कि उनका अनुभव और राजनीतिक संपर्क भाजपा को आगामी चुनावों में फायदा पहुंचा सकता है।
अब तक पंजाब भाजपा की कमान सुनील जाखड़ के पास थी जिनका कार्यकाल समाप्ति की ओर है। हालांकि पार्टी ने संकेत दिए हैं कि जाखड़ आने वाले विधानसभा चुनावों में प्रचार अभियान में अहम भूमिका निभाते रहेंगे। पंजाब में भाजपा फिलहाल आम आदमी पार्टी कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल जैसी पार्टियों के बीच अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में केवल सिंह ढिल्लों की नियुक्ति को आगामी चुनावों से पहले भाजपा की बड़ी रणनीतिक चाल माना जा रहा है।