मां की डांट से नाराज होकर घर से निकली 12 वर्षीय बालिका, परिजन परेशान

 

 

जफराबाद, जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मियापुर मोहल्ले में एक 12 वर्षीय बालिका के घर से लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से परिजनों में चिंता का माहौल है और वे उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला निवासी बिना बिंद की पुत्री खुशी बिंद का किसी बात को लेकर अपने छोटे भाई से विवाद हो गया था। परिवार के लोगों के मुताबिक विवाद के बाद मां ने उसे समझाने और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से डांट दिया था। इससे नाराज होकर बालिका रविवार को घर से निकल गई और उसके बाद वापस नहीं लौटी।

 

परिजनों ने आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी काफी तलाश की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। बालिका के अचानक घर से चले जाने के कारण परिवार के सदस्य बेहद चिंतित हैं।

 

स्थानीय लोगों ने भी बालिका की तलाश में परिजनों का सहयोग शुरू कर दिया है। परिवार ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को बालिका के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल परिजनों अथवा स्थानीय पुलिस को सूचित करें, ताकि उसे सकुशल घर वापस लाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *