IIT Bombay (मुंबई):- IIT बॉम्बे में बी.टेक सेकंड ईयर के छात्र साहिल वकोडे की आत्महत्या के बाद कैंपस का माहौल तनावपूर्ण है। छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच संस्थान प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए मिड-सेमेस्टर परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है।
पहले ये परीक्षाएं 26 और 27 सितंबर को होनी थीं, लेकिन अब ये 10 और 11 अक्टूबर को आयोजित की जाएंगी। संस्थान द्वारा जारी नोटिस के मुताबिक यह निर्णय छात्रों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के बाद लिया गया है।
IIT Bombay नई कमेटी का गठन, बनेगी छात्र-हितैषी SOP
IIT बॉम्बे ने इस मामले के बाद एक नई कमेटी का गठन किया है, जिसमें छात्रों का भी बराबर प्रतिनिधित्व होगा। यह कमेटी परीक्षा के दौरान निगरानी करने वाले इनविजिलेटर्स के लिए स्पष्ट और छात्र-हितैषी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार करेगी।
संस्थान ने कहा कि परीक्षा टालने से कमेटी को SOP बनाने के लिए पर्याप्त समय मिल जाएगा। नई गाइडलाइंस में एकेडमिक कदाचार यानी परीक्षा में गलत तरीके अपनाने को लेकर भी स्पष्ट नियम तय किए जाएंगे, ताकि परीक्षाएं निष्पक्ष और एक समान तरीके से संचालित हों।
फैकल्टी सदस्यों ने भी इस बात पर जोर दिया है कि संदिग्ध मामलों को संभालने के लिए चरण-दर-चरण स्पष्ट निर्देश होने चाहिए। नए SOP पर विचार-विमर्श के बाद इसे औपचारिक मंजूरी के लिए सीनेट के पास भेजा जाएगा और उसके बाद ही लागू किया जाएगा।