TRAI New Rule (नई दिल्ली):- देश के करोड़ों मोबाइल यूजर्स के लिए बड़ी खुशखबरी है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने एक नया नियम लागू किया है जिससे 28 दिनों वाले रिचार्ज के झंझट से छुटकारा मिल सकता है। अब तक टेलीकॉम कंपनियां 28 दिन की वैधता वाले प्लान देती थीं, जिससे यूजर्स को एक साल में 12 की जगह 13 बार रिचार्ज कराना पड़ता था।
इस अतिरिक्त रिचार्ज का बोझ सीधे ग्राहकों की जेब पर पड़ता था। लेकिन TRAI के नए नियमों से अब यह गणित पूरी तरह बदलने वाला है।
TRAI New Rule: क्या है TRAI का नया नियम 2026?
TRAI ने टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन (तेरहवां संशोधन) रेगुलेशंस, 2026 लागू किया है। इस नए ढांचे के तहत दो बड़े बदलाव किए गए हैं।
पहला, टेलीकॉम कंपनियों के लिए अब 30 दिन की वैधता वाले टैरिफ प्लान पेश करना जरूरी होगा। अब तक कंपनियां 28 दिन, 56 दिन और 84 दिन वाले प्लान देती थीं। नए नियम के बाद यूजर्स को पूरे महीने यानी 30 दिन की वैधता मिलेगी, जिससे हर महीने रिचार्ज कराने का झंझट खत्म होगा।
दूसरा, TRAI ने कंपनियों के लिए सिर्फ वॉइस और SMS वाले स्पेशल टैरिफ वाउचर (STV) देना अनिवार्य कर दिया है। इसका फायदा उन करोड़ों यूजर्स को मिलेगा जो सिर्फ कॉलिंग के लिए फोन इस्तेमाल करते हैं और जिन्हें महंगे डेटा प्लान लेने के लिए मजबूर होना पड़ता था। अब उन्हें सस्ते वॉइस ओनली प्लान मिल सकेंगे।
TRAI New Rule: ग्राहकों की जेब पर कितना असर पड़ेगा?
28 दिन के साइकिल की वजह से साल में 365 दिन के लिए 13 रिचार्ज कराने पड़ते थे। अगर कोई प्लान 199 रुपये का है तो साल में ग्राहक को 2587 रुपये खर्च करने पड़ते थे। 30 दिन वाला प्लान आने के बाद साल में सिर्फ 12 बार ही रिचार्ज करना होगा, जिससे लगभग 199 रुपये की सीधी बचत होगी।
इसके अलावा वॉइस ओनली प्लान आने से उन यूजर्स को काफी राहत मिलेगी जिनके पास कीपैड फोन है या जो दूसरा सिम सिर्फ कॉलिंग के लिए रखते हैं। उन्हें अब डेटा के लिए एक्स्ट्रा पैसे नहीं देने होंगे।
फिलहाल Jio, Airtel और Vi को इस नए नियम को लागू करने के लिए TRAI ने समय दिया है। जल्द ही कंपनियां अपने नए 30 दिन वाले प्लान्स की लिस्ट जारी कर सकती हैं।