मुंबई (महाराष्ट्र):- बॉलीवुड अभिनेत्री नूरा फतेही एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं। फिल्म KD The Devil के गाने “सरके चुनर” को लेकर बढ़े विवाद के बाद उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने पेश होकर लिखित माफी मांगी है। साथ ही भविष्य में इस तरह के आइटम सॉन्ग न करने का आश्वासन भी दिया है।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने गाने के बोल और प्रस्तुति को महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताते हुए नोरा फतेही समेत फिल्म से जुड़े कई लोगों को नोटिस भेजा था। आयोग का कहना था कि गाने में अश्लीलता और महिलाओं के आपत्तिजनक चित्रण को बढ़ावा दिया गया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार नोरा फतेही आयोग के सामने पेश हुईं और उन्होंने लिखित रूप में खेद जताया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। साथ ही उन्होंने यह भरोसा भी दिलाया कि आगे से वे ऐसे गीतों और प्रस्तुतियों को लेकर ज्यादा सावधानी बरतेंगी।
इससे पहले अभिनेता संजय दत्त भी इसी मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने पेश हो चुके हैं। उन्होंने भी माफी मांगते हुए समाज पर पड़े किसी भी नकारात्मक प्रभाव के लिए अफसोस जताया था।
गौरतलब है कि “सरके चुनर” गाने के रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर भारी विरोध देखने को मिला था। विवाद बढ़ने के बाद गाने के हिंदी वर्जन को यूट्यूब से हटा दिया गया था।