Asia Cup Breaking (नई दिल्ली)- महिला एशिया कप 2026 का फाइनल 13 सितंबर को खेला जाना है, लेकिन खिताबी मुकाबले से पहले ही ट्रॉफी प्रेजेंटेशन को लेकर चर्चा तेज हो गई है. बता दे कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर रही है और खिताब की प्रबल दावेदारों में शामिल है, इसी बीच रिपोर्टों में दावा किया गया है कि एशियन क्रिकेट काउंसिल यानी ACC के चेयरमैन और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड PCB के चेयरमैन मोहसिन नकवी फाइनल मुकाबले में मौजूद रह सकते हैं और फिर ऐसे में अगर हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया खिताब जीतती है, तो ट्रॉफी प्रेजेंटेशन को लेकर एक बार फिर स्थिति दिलचस्प हो सकती है.
आपको बता दे कि मोहसिन नकवी की मौजूदगी इसलिए और चर्चा में है क्योंकि पिछले साल पुरुष एशिया कप में भी ट्रॉफी को लेकर विवाद हुआ था. भारतीय टीम ने टूर्नामेंट जीतने के बाद नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था. इसके बाद टीम इंडिया ने ट्रॉफी के बिना ही अपनी जीत का जश्न मनाया था. उस घटना के बाद एशिया कप ट्रॉफी को लेकर विवाद लगातार सुर्खियों में रहा है.

रिपोर्टों के मुताबिक, नकवी 13 सितंबर को होने वाले महिला एशिया कप फाइनल में शामिल हो सकते हैं और विजेता टीम को ट्रॉफी सौंपने की भूमिका में रह सकते हैं. हालांकि, यदि भारत फाइनल जीतता है तो टीम ट्रॉफी किस तरह स्वीकार करेगी, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. भारतीय क्रिकेट बोर्ड या टीम की ओर से भी इस संबंध में कोई अंतिम निर्णय सार्वजनिक नहीं किया गया है। इसलिए फिलहाल ट्रॉफी को लेकर संभावित स्थिति चर्चा और अटकलों तक सीमित है.
भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा तनाव के कारण दोनों देशों के क्रिकेट मुकाबलों पर भी अतिरिक्त नजर रहती है.. हाल ही में महिला एशिया कप में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने आई थीं. उस मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था और पिछले साल पुरुष टीम से शुरू हुआ यह सिलसिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के कई मुकाबलों में चर्चा का विषय बना रहा है.

वहीं इन विवादों के बीच भारतीय महिला टीम का ध्यान पूरी तरह क्रिकेट पर है. हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम ने टूर्नामेंट में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है. पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भी भारत ने शानदार जीत दर्ज की थी.
टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने भी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है. हांगकांग के खिलाफ उन्होंने 124 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। उनके अलावा टीम की अन्य खिलाड़ियों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिससे भारतीय टीम का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है.

अब सभी की निगाहें 13 सितंबर के फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं. यदि भारतीय टीम खिताब अपने नाम करती है तो मैदान पर जीत के साथ-साथ ट्रॉफीप्रेजेंटेशन भी चर्चा का केंद्र बन सकता है. हालांकि, ट्रॉफी को लेकर अंतिम स्थिति तभी स्पष्ट होगी जब फाइनल का परिणाम सामने आएगा और आधिकारिक समारोह में विजेता टीम के लिए प्रेजेंटेशन प्रक्रिया तय होगी.
Also Read:- http://*मंदिर उद्घाटन से मजबूत हुई भारत-फ्रांस की सांस्कृतिक डोर.. https://dastakhindustan.com/?p=30258*