Atiq Ahmed Son Road Accident: अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत, भाई अली से मिलने जा रहा था

Atiq Ahmed Son Road Accident :- माफिया से नेता बने दिवंगत अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद (21) की गुरुवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय हुआ, जब वह झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था। इस भीषण दुर्घटना में अबान के साथ मौजूद सोनू नामक युवक की भी मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सीमेंट के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहीं दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

अबान अहमद, अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे थे। इससे पहले वर्ष 2023 में उनके भाई असद अहमद की उत्तर प्रदेश एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में मौत हो गई थी। इसके कुछ ही दिनों बाद प्रयागराज में पुलिस सुरक्षा के बीच अतीक अहमद और उनके भाई अशरफ अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब इस सड़क दुर्घटना ने एक बार फिर अतीक परिवार को बड़ा झटका दिया है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *