लंदन। ब्रिटेन की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है। यह फैसला ऐसे समय आया है जब उन्हें अपनी ही लेबर पार्टी के भीतर बढ़ते विरोध और गिरती लोकप्रियता का सामना करना पड़ रहा था।
स्टारमर ने टेलीविज़न संबोधन में कहा कि वह नए नेता के चुने जाने तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहेंगे, ताकि सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके।
उनके इस्तीफे के पीछे हालिया उपचुनाव को बड़ा कारण माना जा रहा है, जिसमें उनके प्रतिद्वंद्वी ने उत्तर-पश्चिम इंग्लैंड के मेकरफील्ड संसदीय क्षेत्र से निर्णायक जीत दर्ज की। इस जीत के बाद बर्नहम को लेबर पार्टी के नए नेता और संभावित प्रधानमंत्री पद का प्रमुख दावेदार माना जा रहा है।
गौरतलब है कि 2024 के आम चुनाव में स्टारमर ने लेबर पार्टी को 1997 के बाद सबसे बड़ी जीत दिलाई थी और 14 वर्षों से सत्ता में रही कंजर्वेटिव सरकार को बाहर का रास्ता दिखाया था। लेकिन सत्ता संभालने के दो वर्ष के भीतर ही उनकी सरकार कई नीतिगत विवादों, यू-टर्न, आंतरिक असंतोष और खराब जनसमर्थन से घिर गई।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि स्टारमर का इस्तीफा ब्रिटेन की राजनीति में नए दौर की शुरुआत कर सकता है। अब सभी की निगाहें लेबर पार्टी की नेतृत्व चुनाव प्रक्रिया पर टिकी हैं, जहां एंडी बर्नहम सबसे मजबूत दावेदार के रूप में उभर रहे हैं।
स्टारमर के इस्तीफे ने ब्रिटेन की सियासत में अनिश्चितता बढ़ा दी है, वहीं विपक्षी दल भी इस घटनाक्रम पर करीबी नजर बनाए हुए हैं। आने वाले हफ्तों में यह तय होगा कि ब्रिटेन की कमान किस नए नेता के हाथों में जाएगी।