CBSE 10th Revaluation Rules :- केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10 के छात्रों के लिए रिजल्ट के बाद की प्रक्रिया (Post Result Process) में बड़ा बदलाव किया है। अब छात्र सीधे अंकों के सत्यापन (Verification of Marks) या पुनर्मूल्यांकन (Re-evaluation) के लिए आवेदन नहीं कर सकेंगे। नई व्यवस्था के तहत सबसे पहले मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका (Answer Book) की स्कैन कॉपी प्राप्त करनी होगी। इसके बाद ही छात्र सत्यापन या पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
CBSE का कहना है कि इस बदलाव का उद्देश्य पूरी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाना है। स्कैन कॉपी मिलने के बाद छात्र पहले अपनी उत्तर पुस्तिका देख सकेंगे और यदि उन्हें किसी प्रकार की त्रुटि या मूल्यांकन में गलती दिखाई देती है, तभी वे आगे सत्यापन या पुनर्मूल्यांकन का विकल्प चुन सकेंगे।
नई व्यवस्था के तहत पहले चरण में छात्र उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी के लिए आवेदन करेंगे। इसके बाद आवश्यकता होने पर वे अंकों के सत्यापन और फिर उत्तरों के पुनर्मूल्यांकन के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। यह प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी।
CBSE का मानना है कि इस नई प्रणाली से छात्रों को अपने मूल्यांकन को समझने का बेहतर अवसर मिलेगा और अनावश्यक पुनर्मूल्यांकन आवेदनों में भी कमी आएगी। बोर्ड ने छात्रों से निर्धारित तिथियों और दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आवेदन करने की अपील की है।