DAV Robertsganj Traffic Awareness Program: डीएवी रॉबर्ट्सगंज में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

DAV Robertsganj Traffic Awareness Program :- डी.ए.वी. सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, रॉबर्ट्सगंज में बुधवार को यातायात विभाग के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक तीरथ लाल तथा उनकी टीम ने विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवहार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। अधिकारियों ने 3E (Education, Engineering और Enforcement) के महत्व को समझाते हुए सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इस दौरान विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने तथा यातायात संकेतों और नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों और सुरक्षित यातायात के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

यातायात निरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार व समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का सदैव पालन करने तथा सुरक्षित यातायात का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, सभी शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *