Amarnath Yatra Suspended :- जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के सात वर्ष पूरे होने पर बुधवार को पूरे केंद्र शासित प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से अमरनाथ यात्रा को एक दिन के लिए स्थगित कर दिया। साथ ही जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अमरनाथ यात्रियों और सुरक्षा बलों के काफिलों की आवाजाही भी रोक दी गई।
अधिकारियों के अनुसार बुधवार को जम्मू बेस कैंप से श्रद्धालुओं के किसी भी नए जत्थे को पहलगाम और बालटाल बेस कैंप के लिए रवाना नहीं होने दिया गया। प्रशासन ने यात्रा रोकने का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने इसे एहतियाती कदम बताया है।
दरअसल, 5 अगस्त 2019 को केंद्र सरकार द्वारा अनुच्छेद 370 हटाए जाने की सातवीं वर्षगांठ के मद्देनजर पूरे जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। कई संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। इसी कारण सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए यात्रा और हाईवे पर काफिलों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोकी गई।
गौरतलब है कि इस वर्ष 3 जुलाई से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा में अब तक 4.6 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि हालात सामान्य होने के बाद यात्रा को फिर से नियमित रूप से संचालित किया जाएगा।