स्पीड पोस्ट से पहुंची 10 लाख की रंगदारी! कारोबारी को मिली जान से मारने की धमकी, हिस्ट्रीशीटर समेत दो पर FIR

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र में एक कारोबारी को स्पीड पोस्ट के जरिए भेजी गई रंगदारी की चिट्ठी ने सनसनी फैला दी है। धमकी भरे *पत्र में 10 लाख रुपये की मांग करते हुए कारोबारी और उनके परिवार की गतिविधियों पर नजर रखने का दावा* किया गया। रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने भेलूपुर के एक *हिस्ट्रीशीटर समेत दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा* दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

भेलूपुर क्षेत्र के बड़ागंभीर सिंह निवासी *कारोबारी विनोद जायसवाल* को शनिवार दोपहर स्पीड पोस्ट के माध्यम से एक लिफाफा मिला। पत्र खोलते ही उनके होश उड़ गए। उसमें *10 लाख रुपये नकद देने की मांग* की गई थी और चेतावनी दी गई थी कि परिवार की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

 

*कौशांबी में तय किया गया था डिलीवरी पॉइंट*

 

पत्र में रंगदारी की रकम सौंपने के लिए कौशांबी जिले के धुमाई गांव स्थित अझुवा रोड के पास का स्थान तय किया गया था। आरोपी ने पांच-छह दिनों के भीतर अकेले पहुंचकर रकम देने को कहा था। साथ ही एक मोबाइल नंबर देकर आगे के निर्देश लेने की बात भी लिखी गई थी।

 

*शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस*

 

कारोबारी की तहरीर और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने भेलूपुर थाने के *हिस्ट्रीशीटर गिरजाशंकर जायसवाल* समेत दो लोगों के खिलाफ रंगदारी मांगने, धमकी देने और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

*स्पीड पोस्ट और मोबाइल नंबर की हो रही जांच*

 

भेलूपुर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस पत्र में दर्ज मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्य खंगाल रही है। वहीं डाक विभाग से भी जानकारी जुटाई जा रही है कि धमकी भरा पत्र किस डाकघर से भेजा गया था।

 

पुलिस का कहना है कि तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *