हिमाचल के किन्नौर में बड़ा हादसा: डंपर के गुजरते ही ढहा बैली ब्रिज, सतलुज नदी में गिरा वाहन

किन्नौर (हिमाचल प्रदेश ):-शिमला। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर स्थित एक बैली ब्रिज अचानक ढह गया। पुल पर से गुजर रहा भारी-भरकम डंपर सीधे सतलुज नदी में जा गिरा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 

जानकारी के अनुसार यह हादसा किन्नौर के उरनी ढांक क्षेत्र में हुआ। डंपर जैसे ही पुल के अंतिम हिस्से की ओर पहुंचा, अचानक पूरी संरचना भरभराकर नदी में समा गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डंपर में रेत भरी हुई थी और वह क्षमता से अधिक भार लेकर पुल पार कर रहा था।

 

राहत की बात यह रही कि डंपर चालक की जान बच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उसे मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

 

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुल गिरने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का मानना है कि अत्यधिक भार के कारण पुल पर दबाव बढ़ा और वह ढह गया।

 

यह बैली ब्रिज उरनी क्षेत्र में भूस्खलन प्रभावित हिस्से के लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जाता था। प्रशासन ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर यातायात पूरी तरह बंद नहीं हुआ है और वैकल्पिक मार्ग से वाहनों की आवाजाही जारी है।

 

इस हादसे ने पहाड़ी क्षेत्रों में पुराने और अस्थायी पुलों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलों की नियमित जांच और भारी वाहनों की निगरानी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *