Greater Noida Traffic Diversion :- ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 5 से 8 अगस्त तक आयोजित होने वाले IHE Biofach India और Fan Expo कार्यक्रमों को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू की है। कार्यक्रम में प्रतिदिन लगभग 5,000 से 6,000 लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए एक्सपो मार्ट गोलचक्कर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
यातायात पुलिस के अनुसार, आवश्यकता पड़ने पर एक्सपो मार्ट गोलचक्कर को अस्थायी रूप से बंद कर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। गलगोटिया कट से आने वाले वाहन बड़ा गोलचक्कर, शारदा गोलचक्कर और एलजी गोलचक्कर होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। वहीं एक्सपो में आने वाले आगंतुक नासा यू-टर्न के माध्यम से एक्सपो मार्ट परिसर में प्रवेश कर सकेंगे।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन एक्सपो मार्ट परिसर की निर्धारित पार्किंग में ही खड़े करें। यदि वहां पार्किंग पूरी भर जाती है तो वाहनों को नासा (बड़ा गोलचक्कर) पार्किंग में पार्क किया जाएगा। इससे एक्सपो मार्ट के आसपास जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा।
यातायात विभाग ने लोगों से अपील की है कि 5 से 8 अगस्त के बीच यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी की जानकारी जरूर लें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।